बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो गुटों के बीच जमकर विवाद और मारपीट के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, हेमूनगर इलाके में देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।
इसी दौरान अपने दोस्त को बचाने पहुंचे अमन सिन्हा पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। घायल युवक के अनुसार, वह विवाद शांत कराने और अपने दोस्त को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा था, लेकिन आरोपियों ने उसे घेर लिया और पहले मारपीट की। इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर उसके चेहरे और गाल पर चोट पहुंचाई।
इस हमले में अमन सिन्हा समेत एक अन्य युवक घायल हुआ है। दोनों को मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

