बिलासपुर के लोखंडी अंडरब्रिज से जोंकी-घनापारा मार्ग पर ग्रामीणों और किसानों ने क्षेत्र में संचालित कोल डिपो के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क की खराब स्थिति, भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और बढ़ते प्रदूषण को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना देते हुए कहा कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कोल डिपो में दिन-रात कोयले की ढुलाई होने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। भारी ट्रकों की वजह से किसानों को खेतों तक पहुंचने और ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और अधिक कठिन हो गए हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कोयले की धूल खेतों तक पहुंच रही है, जिससे फसलों पर असर पड़ रहा है। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रभाव पड़ने की बात कही गई। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कुछ कोल डिपो निर्धारित सीमा से अधिक कोयले का भंडारण कर रहे हैं, जिससे ट्रकों की संख्या बढ़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।