छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे के दौरान एक विवाद सामने आया है। बीजेपी नेत्री गौरी गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों से बहस करती नजर आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के सर्किट हाउस पहुंचने के दौरान वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान गौरी गुप्ता भी सर्किट हाउस के अंदर जाने के लिए पहुंचीं, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया।
इस पर भाजपा नेत्री नाराज हो गईं और पुलिसकर्मियों से तीखी बहस करने लगीं। उन्होंने कहा कि उन्हें एसपी से बात कराई जाए और यह भी कहा कि एसपी कभी उन्हें नहीं रोकते। उन्होंने पुलिस पर प्रोटोकॉल की जानकारी न होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उनके ही हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार रात की है। बहस के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। बाद में एक भाजपा नेता के हस्तक्षेप के बाद गौरी गुप्ता को अंदर जाने की अनुमति दे दी गई।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में पुलिस और नेत्री के बीच हुई बहस साफ देखी जा सकती है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

