छत्तीसगढ़ के Bijapur जिले में पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और जिलाध्यक्ष Satish Mandavi को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को वोटर आईडी कार्ड देने के बहाने घर बुलाकर दुष्कर्म करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे वोटर आईडी कार्ड देने के नाम पर अटल आवास स्थित अपने घर बुलाया था। वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। युवती का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़िता सखी सेंटर पहुंची और वहां अपनी आपबीती बताई। इसके बाद सखी सेंटर की मदद से उसने थाना कोतवाली बीजापुर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी सतीश मांडवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 64(2)(f) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

