अमित शाह के बस्तर दौरे की तैयारियों का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिया जायजा

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री Vijay Sharma ने केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के प्रस्तावित बस्तर दौरे को लेकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जगदलपुर से कार्यक्रम स्थल तक निजी वाहन के बजाय बस से सफर किया। उनके साथ बस्तर सांसद Mahesh Kashyap, जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। इसे प्रधानमंत्री Narendra Modi के साझा परिवहन के आह्वान से जोड़कर देखा जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा जगदलपुर विकासखंड के नेतानार स्थित शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सेवा डेरा परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र और महिला स्व सहायता समूहों की गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान समूह से जुड़ी महिलाओं से चर्चा कर उनके कार्यों और स्वरोजगार से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर काम कर रही हैं और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेवा सेतु केंद्र अहम भूमिका निभा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का भी दौरा किया। अधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन और सजावट बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विजय शर्मा ने कहा कि शहीद गुंडाधुर से जुड़ा यह स्थल बस्तर के गौरव और इतिहास का प्रतीक है, इसलिए यहां सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और बेहतर होनी चाहिए।

Scroll to Top