छत्तीसगढ़ के Baloda Bazar जिले में पेट्रोल-डीजल वितरण में अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पेट्रोल पंप को सील कर दिया। यह कार्रवाई कलेक्टर Kuldeep Sharma के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार विकासखंड सिमगा के ग्राम दरचुरा स्थित Seema Petrol Pump में डीजल वितरण और स्टॉक रिकॉर्ड में गड़बड़ी की शिकायत मिल रही थी। जांच के दौरान प्रशासनिक टीम ने पाया कि व्यवसायिक वाहनों के अलावा जरीकेन में 10 से 15 लीटर डीजल बेचा जा रहा था।
एसडीएम Atul Shette ने बताया कि मौके पर मौजूद कई वाहन मालिकों ने भी मौखिक शिकायत की थी। पेट्रोल पंप संचालक सत्येंद्र कुमार सिंह ने करीब 50 लोगों को जरीकेन में डीजल दिए जाने की बात स्वीकार की। इसी कारण पंप में भारी भीड़ भी लगी हुई थी।
जांच में स्टॉक ऑटोमेशन मशीन, भूमिगत टैंक और स्टॉक पंजी में भी अनियमितता पाई गई। इसके बाद दामाखेड़ा चौकी प्रभारी की मौजूदगी में पेट्रोल पंप को अगले आदेश तक सील कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि पेट्रोल-डीजल वितरण में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



