वीडियो कॉल के जरिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, इंस्टाग्राम पर किया वायरल

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती को उसके ही रिश्तेदार ने पहले प्रेमजाल में फंसाया, फिर वीडियो कॉल के दौरान उसकी आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग कर ली। बाद में इसी वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की गई।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मौसी की शादी महाराष्ट्र के पुणे-बीड़ क्षेत्र में हुई है। इसी दौरान वर्ष 2025 में उसका संपर्क मौसी के देवर हम्जा शेख से हुआ। शुरुआत में दोनों के बीच मोबाइल कॉल और वीडियो कॉल के माध्यम से सामान्य बातचीत होती रही, लेकिन धीरे-धीरे आरोपी ने भरोसा जीतकर युवती को अपने जाल में फंसा लिया।

एक दिन युवती के पिता ने उसे फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया और फटकार लगाई। इसके बाद आरोपी ने युवती के नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट बनवाया, जिसका पासवर्ड दोनों के पास था। कुछ समय बाद वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने युवती पर दबाव बनाकर उससे कपड़े उतरवाए और उसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग व स्क्रीनशॉट ले लिए।

इसके बाद आरोपी ने वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवती से 50 हजार रुपए की मांग की। डर के चलते पीड़िता ने कई बार फोन-पे और नकद के माध्यम से आरोपी को करीब 990 रुपए दिए, लेकिन ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने और पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने 27 जनवरी 2026 को उसी इंस्टाग्राम अकाउंट से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो पोस्ट कर दिए। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर युवती ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले में बालोद पुलिस ने 2 फरवरी 2026 को आरोपी हम्जा शेख के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67(ए) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) एवं 296 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।बालोद जिले की युवती के साथ साइबर अपराध का गंभीर मामला

Scroll to Top