छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक शिक्षिका और भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। महिला के पति ने पुलिस की मौजूदगी में एक रिसॉर्ट पहुंचकर दोनों को एक साथ होने का दावा किया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी के कई लोगों के साथ अवैध संबंध हैं। उसने यह भी कहा कि विरोध करने पर पत्नी उसे और बच्चों को प्रताड़ित करती है, मारपीट करती है और यहां तक कि जहर देने की धमकी भी देती है। मामले के बाद पति ने एसपी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, बालोद के टिकरापारा वार्ड नंबर-04 निवासी अब्दुल ताहिर ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2006 में बागबाहरा में हुई थी। उनकी पत्नी प्राथमिक शाला में प्रधान पाठिका है और उनके दो बच्चे हैं। पति के अनुसार, करीब 17 साल तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन पिछले दो वर्षों से पत्नी का व्यवहार बदल गया है।

पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करती है। उसने यह भी दावा किया कि पत्नी ने कई बार बच्चों को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। संदेह होने पर जब उसने जांच की, तो उसे एक व्यक्ति के साथ पत्नी के संबंध होने की जानकारी मिली।
पति के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को उसे सूचना मिली कि उसकी पत्नी एक भाजपा पदाधिकारी के साथ ग्राम डंगनिया के एक रिसॉर्ट में मौजूद है। इसके बाद वह अपने परिचित के साथ मौके पर पहुंचा और किसी विवाद से बचने के लिए पुलिस को भी साथ ले गया।
रिसॉर्ट पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर बाद पहले संबंधित व्यक्ति बाहर आया और कुछ समय बाद महिला भी बाहर निकली। इस दौरान पति ने वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में सभी को थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ की गई।
दूसरी ओर, महिला ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए पति पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि उसका पति नशे का आदी है और लंबे समय से उसके साथ मारपीट करता रहा है। महिला के अनुसार, वह मानसिक रूप से परेशान होकर दो बार आत्महत्या का प्रयास भी कर चुकी है।
महिला ने यह भी कहा कि उसे जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है। उसने अपने ससुराल पक्ष की जिम्मेदारियां निभाने और आर्थिक सहयोग करने की बात भी कही। रिसॉर्ट में मौजूद होने को लेकर महिला ने कहा कि वह अपनी मर्जी से वहां गई थी और पति द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि की जा रही है।

