छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कैंसर से बचाव को लेकर एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघोड़ा में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 14 वर्ष आयु वर्ग की कुल 22 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
यह अभियान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसे गंभीर रोगों से सुरक्षित करना है। कार्यक्रम का संचालन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल नायक और खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे भी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय मितानिनों के सहयोग से टीकाकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
कार्यक्रम में यह भी देखा गया कि भीषण गर्मी के बावजूद बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक शिविर में पहुंचकर टीका लगवाया। ग्राम रूढ़ा की एक छात्रा ने अपनी सहपाठियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया, जिसके लिए उसे सम्मानित भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और यह कैंसर से बचाव में प्रभावी भूमिका निभाती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और समय पर टीकाकरण का लाभ लें।



