छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पंजाब से प्रतिबंधित ड्रग्स मंगाकर बेचने वाले दो आरोपियों को ACCU और चकरभाठा पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी भी शामिल है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.60 लाख रुपए कीमत की 26 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को लंबे समय से चकरभाठा इलाके में सूखे नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसके बाद सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह के निर्देश पर ACCU और चकरभाठा पुलिस संदिग्धों पर नजर रख रही थी।
मंगलवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रहंगी के खोलीभाटा मैदान में एक संदिग्ध कार खड़ी है, जिसमें दो युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही कार सवार आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने चारों ओर से घेरकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 26.05 ग्राम चमकीला नशीला पाउडर बरामद हुआ, जिसे जांच में MDMA ड्रग्स पाया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी Chandresh Balecha ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है और उसने अपने नेटवर्क के जरिए पंजाब बॉर्डर के तस्करों से संपर्क कर ड्रग्स मंगाई थी। इसके बाद वह Mahesh Verma के साथ मिलकर इसे ऊंची कीमत में बेचने की तैयारी कर रहा था। दोनों कुछ ग्राहकों से सौदा भी तय कर चुके थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ड्रग्स, एक कार समेत करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

