केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 3 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा आज से शुरू, पूरे प्रदेश में डायल-112 और फॉरेंसिक यूनिट्स का विस्तार

केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah 17 से 19 मई तक छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस बस्तर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं के विस्तार और मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक पर रहेगा। दौरे के तहत रायपुर और बस्तर संभाग में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अमित शाह रविवार शाम रायपुर पहुंचेंगे और मेफेयर रिसॉर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं।

18 मई को गृह मंत्री रायपुर के पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में डायल-112 सेवा के लिए 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। राज्य सरकार इस सेवा का विस्तार अब पूरे छत्तीसगढ़ में करने जा रही है। अब तक यह सुविधा 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन नई व्यवस्था के बाद प्रदेश के सभी थानों को इससे जोड़ा जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता और तेज हो सकेगी।

इसके साथ ही राज्य के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी शुरू की जाएंगी। इन वाहनों में अत्याधुनिक जांच उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती वैज्ञानिक जांच संभव होगी। इससे अपराध जांच प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की तैयारी की गई है।

रायपुर कार्यक्रम के बाद अमित शाह विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचेंगे और वहां से बीएसएफ हेलीकॉप्टर के जरिए नेतानार जाएंगे। नेतानार में वे जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे। माना जा रहा है कि यह केंद्र ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

इसके बाद वे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद हुए जवानों की स्मृति में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जगदलपुर में बादल अकादमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर वे सुरक्षा, विकास और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस दौरान सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी और पुनर्वास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

शाम को अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और ‘बस्तर के संग’ नामक लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक संस्कृति और लोक कला की प्रस्तुति दी जाएगी।

19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। इस बैठक की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे, जिसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

बैठक के बाद अमित शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे। सुरक्षा और विकास के एजेंडे के साथ हो रहा यह दौरा छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

Scroll to Top