रायगढ़ में लापता किशोर की डैम में मिली लाश: बाइक और चप्पल मिलने के बाद चला सर्च ऑपरेशन

रायगढ़ जिले में एक लापता किशोर का शव टीपाखोल डैम में मिला है। पानी में डूबने से उसकी मौत होने की आशंका जताई जा रही है। यह मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, तमनार निवासी 17 वर्षीय सार्थक वैष्णव शनिवार सुबह अपने घर से बाइक लेकर निकला था। लेकिन देर रात तक वह घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी।

रविवार को पुलिस को टीपाखोल डैम के पास उसकी बाइक और चप्पल मिली। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि बाइक शनिवार दोपहर से वहीं खड़ी थी। इससे पुलिस को शक हुआ कि किशोर डैम में गिर गया होगा।

इसके बाद पुलिस ने DDRF (डिजास्टर रेस्क्यू टीम) को बुलाया। गोताखोरों ने डैम में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब आधे से पौन घंटे की तलाश के बाद किशोर का शव पानी में मिला।

शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिवार को सूचना दे दी है और आगे की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि मृतक के पिता दिलीप वैष्णव एक निजी प्लांट में काम करते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Scroll to Top