रायगढ़ में बेटे ने मां की हत्या की: फावड़े से गले पर वार, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के एक गांव में बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। उसने गुस्से में आकर फावड़े से हमला किया, जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गई।

यह घटना रैरूमाखुर्द इलाके की है। यहां रहने वाले गणपत दास महंत अपने परिवार के साथ किराना दुकान चलाते हैं। परिवार में उनकी पत्नी फुलबाई महंत, एक बेटी और दो बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा आर्यन दास महंत (20) बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आर्यन अक्सर इस बात से नाराज रहता था कि उसे परिवार में ज्यादा महत्व नहीं मिलता। इसी बात को लेकर शनिवार सुबह उसका अपनी मां से झगड़ा हो गया।

झगड़ा बढ़ने पर आर्यन ने अपनी मां को दुकान के बाहर खींच लिया और गुस्से में आकर फावड़े से उसके गले पर वार कर दिया। इस हमले में फुलबाई महंत की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बाद में उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।

Scroll to Top