फाइल दबाने पर गिरी गाज: बिलासपुर में 2 अधिकारी मुख्यालय अटैच, युवक के ‘बादाम विरोध’ के बाद कार्रवाई

बिलासपुर में फ्लैट के नामांतरण की फाइल लंबे समय तक लंबित रखने के मामले में दो अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद जांच में लापरवाही सामने आने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय, नवा रायपुर अटैच कर दिया गया है।

मामले के अनुसार, आवेदक तरुण साहू ने 17 मार्च 2025 को नाम ट्रांसफर के लिए आवेदन किया था। 11 नवंबर 2025 तक सभी प्रक्रियाएं पूरी कर पत्र भी जारी कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद फाइल आवेदक को नहीं सौंपी गई और दफ्तर में ही पड़ी रही। इस वजह से उसे करीब एक साल तक दफ्तर के चक्कर लगाने पड़े।

फाइल नहीं मिलने से नाराज होकर युवक ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। वह हाउसिंग बोर्ड कार्यालय आधा किलो बादाम लेकर पहुंचा और अधिकारियों से कहा कि “इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी, जब फाइल याद आ जाए तो बता दीजिए।” इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

जांच के बाद विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संपदा अधिकारी-कार्यपालन अभियंता एलपी बंजारे और एक अन्य संपदा प्रबंधक को मुख्यालय अटैच कर दिया। विभाग के आयुक्त ने कहा है कि आम लोगों के काम में देरी और लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद हाउसिंग बोर्ड कार्यालय की एक महिला अधिकारी समेत अन्य कर्मचारियों ने भी एसपी कार्यालय पहुंचकर युवक पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने जातिगत टिप्पणी और अन्य आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि फिलहाल इस शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। एक ओर विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी ओर युवक ने भी अपना पक्ष रखते हुए वीडियो जारी किया है।

Scroll to Top