छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में दुर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं बिलासपुर के खिलाड़ी अभिषेक जॉर्ज ने सीनियर वर्ग (120 किग्रा) में सबसे ज्यादा 767.5 किलोग्राम वजन उठाकर खास पहचान बनाई।
अभिषेक जॉर्ज ने स्क्वाट में 307.5 किग्रा, बेंच प्रेस में 170 किग्रा और डेडलिफ्ट में 290 किग्रा वजन उठाकर कुल 767.5 किलोग्राम का रिकॉर्ड बनाया। इसी तरह सीनियर वर्ग (83 किग्रा) में दुर्ग के कुलदीप वर्मा ने स्क्वाट में 230 किग्रा, बेंच प्रेस में 127.5 किग्रा और डेडलिफ्ट में 250 किग्रा के साथ कुल 607.5 किलोग्राम वजन उठाया।
एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा साहू ने बताया कि प्रतियोगिता सब जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर वर्गों में आयोजित की गई थी। इसमें महिला और पुरुष दोनों वर्गों के विभिन्न वजन वर्ग शामिल किए गए थे। राज्य के 16 जिलों से आए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीयन किया गया था और उनके रहने-खाने की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की गई थी।
इस प्रतियोगिता के आधार पर राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ की टीम का चयन भी किया गया है, जो आने वाले समय में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भूपेश बघेल मौजूद रहे। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

