दुर्ग में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: 6 गायों को कुचला, ग्रामीणों का चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों को कुचल दिया, जिससे तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा रविवार रात उतई थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बावापारा में हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि तीन गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं बाकी घायल गायों के पैर और कमर में गंभीर चोट आई है। इस घटना को लेकर स्थानीय निवासी कामता महिपाल (40) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे पकड़ लिया। ट्रक में लकड़ी लदी हुई थी, जिसे जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है।

घटना से नाराज ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी तेज रफ्तार वाहनों के कारण ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की है कि इस सड़क पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए।

सूचना मिलने पर पाटन एसडीओपी अनुप लकड़ा और उतई थाना प्रभारी महेश ध्रुव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया, जिसके बाद रात करीब 11:30 बजे चक्काजाम खत्म हुआ और यातायात बहाल किया गया।

Scroll to Top