शिवनाथ नदी में मिला अज्ञात युवक का शव: SDRF ने निकाला बाहर, पहचान में जुटी पुलिस

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोमवार सुबह महमरा घाट स्थित शिवनाथ नदी के एनीकेट में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना के बाद जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब 9:30 बजे 9 सदस्यीय टीम ने बोट की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शव लगभग 3 से 4 दिन पुराना है और सड़ने की स्थिति में था, जिसके कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला है।

पुलिस अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से मिलान कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जिले में एक और संदिग्ध मौत का मामला

इसी बीच नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में भी एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 12 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे देवरझाल इलाके में 42 वर्षीय यशवंत मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

ओमप्रकाश मरकाम की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

Scroll to Top