दुर्ग जिले के जामुल इलाके में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार जगह बदलकर पुलिस से बच रहा था।
इससे पहले 5 अप्रैल को पुलिस ने खेदामारा इलाके में तीन लोगों को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा था। पूछताछ में पता चला कि ये लोग ‘BETBHAI 9’ नाम के प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा खेल रहे थे और पूरे नेटवर्क को मनिंदर सिंह चला रहा था।
7 अप्रैल को पुलिस और एसीसीयू टीम ने जामुल के लेबर कैंप में आरोपी के घर पर छापा मारा। यहां से सट्टा चलाने में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल, बैंक पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए गए।
छापे के दौरान पुलिस को 4 किलो 650 ग्राम गांजा और 35 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब भी मिली। पुलिस ने गांजे और शराब को जब्त कर लिया है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी कानून के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। साथ ही पहले से दर्ज ऑनलाइन सट्टा केस में भी उसकी भूमिका जोड़ी गई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन लिंक के जरिए लोगों, खासकर युवाओं को सट्टे में जोड़ता था और बैंक के जरिए पैसे का लेनदेन करता था।
फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।

