बिलासपुर में शादी के अगले दिन खूनी झड़प, लाठी-डंडों से हमला; 4 गंभीर, महिला रायपुर रेफर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मामूली पड़ोसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शादी समारोह के दूसरे दिन ही एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि एक महिला को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

यह घटना सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी इलाके की है। पीड़ित राजा बघेल के अनुसार, 6 अप्रैल की रात करीब 8 बजे उनके परिवार के सदस्य घर के बाहर खड़े थे, तभी पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जब वह बाहर आए, तो विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी लाठी, कुल्हाड़ी और हंसिया जैसे हथियार लेकर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। उन्होंने परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला करते हुए जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

हमले के दौरान घर में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस घटना में हंसराज, परमानंद, सहेत्रीन और उषा दिवाकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना में घायल एक महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और वह अब तक होश में नहीं आई है। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर किया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही परिवार में शादी का रिसेप्शन हुआ था, जिससे घर में रिश्तेदार मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसियों के साथ विवाद बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top