बिलासपुर में AC कंप्रेसर ब्लास्ट: मरम्मत के दौरान धमाका, 2 सगे भाई गंभीर रूप से झुलसे

बिलासपुर में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब एसी कंप्रेसर फटने से जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां तैयबा चौक से कुम्हारपारा जाने वाले मार्ग पर स्थित ‘परफेक्ट सॉल्यूशन’ नाम की दुकान में एसी मरम्मत का काम किया जाता है। रविवार शाम करीब 6:40 बजे दुकान के भीतर काम के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

घायलों की पहचान आरिफ मिर्जा और शब्बीर मिर्जा उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, जो रतनपुर के रहने वाले हैं। दोनों भाई बिलासपुर में किराए की दुकान लेकर एसी रिपेयरिंग का काम करते हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा एसी कंप्रेसर में गैस भरने या मरम्मत के दौरान हुआ हो सकता है। अचानक हुए ब्लास्ट की चपेट में आने से दोनों भाई बुरी तरह झुलस गए और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। घटना के समय वे दुकान के अंदर ही काम कर रहे थे, जिससे वे सीधे विस्फोट की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बर्न अस्पताल में रेफर करने की सलाह दी है। फिलहाल दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वे बयान देने की हालत में नहीं हैं।

धमाके की तेज आवाज से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है और ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Scroll to Top