छत्तीसगढ़ में भांग की थोक दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आबकारी विभाग ने वर्ष 2026-27 की शेष अवधि के लिए इच्छुक आवेदकों से 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक आवेदन मांगे हैं। आवेदन केवल कार्यदिवसों में कार्यालय समय के दौरान ही स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन निर्धारित फॉर्मेट में जरूरी दस्तावेजों के साथ आबकारी आयुक्त कार्यालय, जीएसटी भवन, अटल नगर, नवा रायपुर में जमा करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधूरे या नियमों के अनुसार नहीं पाए गए आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।
चयन प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 को दोपहर 3 बजे मैन्युअल लॉटरी के जरिए की जाएगी। यदि किसी वजह से तय तारीख पर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है, तो नई तारीख घोषित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी कार्यालय से कार्यालय समय में प्राप्त की जा सकती है। साथ ही विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं।

