रायगढ़ में नौकरी का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, दुर्ग से आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नौकरी दिलाने के झांसे में तीन लोगों से कुल 20 लाख 4 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने नौकरी न मिलने पर पीड़ितों को फर्जी चेक देकर धोखा दिया। पुलिस ने आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम घुघवा निवासी कुंजबिहारी पटेल ने 22 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई। ग्राम गोपालपुर निवासी सितेश पाणिग्राही ने मंत्रालय में पहचान होने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उनसे 4 लाख 58 हजार 300 रुपये और बाद में 3 लाख 69 हजार रुपये लिए।

कुछ महीनों तक नौकरी नहीं मिलने पर जब कुंजबिहारी ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने धीरे-धीरे देने का झांसा देकर टालमटोल किया। बाद में पता चला कि उसने इसी तरह अन्य लोगों से भी ठगी की, जिनमें मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3 लाख 77 हजार और देवकुमार से 8 लाख रुपये शामिल हैं।

पीड़ितों को आरोपी ने दुर्ग ले जाकर विवेक कुमार से मिलवाया। दोनों ने नौकरी का झांसा देकर फर्जी चेक दिए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ितों को समझ आया कि वे ठगी का शिकार हो गए हैं।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर विवेक कुमार को दुर्ग से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में नौकरी का झांसा देकर पैसे लेने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से बैंक चेक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी सितेश पाणिग्राही की तलाश जारी है। SSP शशि मोहन सिंह ने आम जनता से सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Scroll to Top