तखतपुर में बारात में बवाल: DJ पर नाचने को लेकर हिंसक झड़प, गाड़ियों में तोड़फोड़

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हिंसक हो गया जब डीजे पर नाचने को लेकर बारातियों और ग्रामीण युवकों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते मारपीट और भगदड़ में बदल गया। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मोढ़े गांव से बारात कुंआ गांव पहुंची थी। डीजे पर नाचने के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और गांव के कुछ युवकों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहले बारातियों ने स्थानीय युवकों से मारपीट की, जिससे माहौल और अधिक बिगड़ गया।

ग्रामीणों ने घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

घटना की खबर मिलते ही गांव के अन्य लोग भी मौके पर जुट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बारातियों को घेर लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की। कई लोगों को दौड़ाकर पीटा गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।

गाड़ियों और घरों में तोड़फोड़

हंगामे के दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने बारात में आई गाड़ियों को भी निशाना बनाया। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और भारी नुकसान हुआ। कुछ घरों में भी तोड़फोड़ की सूचना है, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

दो लोग गंभीर रूप से घायल

इस हिंसक झड़प में विनय पटेल और पंकज पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शादी का माहौल अचानक डर और तनाव में बदल गया।

पुलिस ने संभाला हालात, कार्रवाई की तैयारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मारपीट व तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

Scroll to Top