गैंग्स ऑफ रायपुर: पुलिस की नई सूची में 19 सक्रिय गिरोह, पहले थे सिर्फ 10

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में सक्रिय अपराधी गिरोहों का नए सिरे से डिजिटल डोजियर तैयार करना शुरू किया है। इस “डिजिटल कुंडली” में पिछले 10 वर्षों से लगातार अपराध में शामिल गैंग्स को शामिल किया गया है। कमिश्नरेट के 21 थानों से मिली जानकारी के आधार पर अब 19 सक्रिय गिरोहों की पहचान की गई है, जबकि कमिश्नरेट बनने से पहले यही संख्या केवल 10 थी।

इस डोजियर में आरोपियों के नाम, पते, फोन नंबर, सक्रिय क्षेत्र, गैंग के सदस्यों की संख्या और उन पर दर्ज मामलों का पूरा विवरण दर्ज किया जा रहा है। जो गिरोह अब निष्क्रिय हो चुके हैं, उन्हें सूची से हटा दिया गया है।

चाकूबाज, लुटेरे और ड्रग्स तस्करों पर खास नजर

पुलिस चाकूबाजी, लूट, चोरी और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल बदमाशों की भी अलग से कुंडली तैयार कर रही है। डोजियर तैयार होने के बाद इन गैंग्स की सख्त निगरानी की जाएगी, जिसमें स्थानीय थानों के साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी शामिल रहेगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हर थाने की अपनी निगरानी सूची होती है, जो दर्ज एफआईआर के आधार पर बनाई जाती है। अब पहली बार जिला स्तर पर समेकित डोजियर तैयार किया जा रहा है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर केंद्रीकृत नजर रखी जा सके।

शहर के प्रमुख सक्रिय गैंग

रक्सेल गैंग में संजय रक्सेल और उसके सहयोगियों समेत कई सदस्य शामिल हैं, जिन पर हत्या, चाकूबाजी और मारपीट के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।
तंजीर गैंग सुमित हत्याकांड के बाद चर्चा में आया और इसमें हिस्ट्रीशीटर आरोपियों समेत करीब 17 सदस्य बताए जाते हैं।
बबलू गैंग का संचालन आबिद डॉन उर्फ आबिद हसन करता है और इसके सदस्यों पर मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यासिन अली गैंग पर गांजा तस्करी, रंगदारी, चाकूबाजी और हत्या जैसे गंभीर आरोप हैं, जिसमें कुछ नाबालिग भी शामिल बताए जाते हैं।

ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क भी सक्रिय

मनमोहन गिरोह दिल्ली से ड्रग्स लाकर सप्लाई करता था और इसके कई सदस्य फिलहाल जेल में बंद हैं।
नव्या मलिक और विधि अग्रवाल से जुड़ा गिरोह कथित तौर पर ड्रग्स पार्टियों का आयोजन करता था और देश के कई राज्यों से नशीले पदार्थ मंगाता था।

निगरानी के लिए तैयार हो रही विस्तृत सूची

इसके अलावा शहर में मोनू-ग्यास गैंग, रवि साहू गैंग, मुकेश बनिया गैंग, आसिफ गैंग, अज्जू सिंधी-हटेला गैंग, डीएम गैंग, उदय गैंग, बादशाह गैंग, सचदेव ग्रुप, भीम महानंद ग्रुप, बादल रक्सेल ग्रुप, राठी ग्रुप, बेहरा गैंग, गवली गैंग, ईरानी गैंग और रवि साठे गैंग समेत कई गिरोह सक्रिय बताए गए हैं।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के अनुसार कमिश्नरेट बनने के बाद यह नया डोजियर तैयार किया गया है, जिससे इन गिरोहों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Scroll to Top