Raipur के Khamtarai थाना क्षेत्र में चाकू मारकर मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनेश टंडन उर्फ “मेंटल” और टिकेश्वर निषाद उर्फ “ऑटो” के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 23 मार्च की रात पीड़ित दुर्गेश यादव ट्रांसपोर्ट नगर से घर लौट रहा था। तभी पीछे से आए दो युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने पेट और पीठ पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घेराबंदी कर दबोचा गया
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। साथ ही एक आरोपी के पास से बटनदार चाकू और दूसरे के पास से लोहे का चाकू भी जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और अब उन पर संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

