भिलाई में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना टाउनशिप के सेक्टर-4 स्थित सेंट्रल एवेन्यू रोड पर सुबह लगभग 7:15 बजे हुई। मामला भट्टी थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि तेज गति से चल रही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने पहुंचाई अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
CISF जवान का बेटा चला रहा था बाइक
पुलिस के मुताबिक बाइक चला रहा किशोर सेक्टर-3 का रहने वाला है और 10वीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में कार्यरत हैं। बाइक पर पीछे बैठा उसका मित्र रिसाली क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
घायल किशोरों की पहचान दिव्या कुमार और अक्षत चंद्राकर के रूप में हुई है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के समय बाइक काफी तेज गति में थी। संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक सीधे पेड़ से टकरा गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की।
पुलिस कर रही जांच
भिलाई नगर के सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि हादसे में शामिल KTM स्पोर्ट्स बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। दोनों किशोरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

