चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, बाल काटकर अर्धनग्न किया

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया। ग्राम धारानगर में युवक पर घर में घुसकर सरसों की छोटी बोरी और 300 रुपये नकद चोरी करने का आरोप था। घटना शंकरगढ़ थाना क्षेत्र की है। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, कोरंधा निवासी श्रीकांत सिंह शनिवार (21 मार्च) को अपनी बाइक से करीब 8 किलोमीटर दूर धारानगर गांव पहुंचा था। ग्रामीणों का आरोप है कि उसने किसान परशु मिंज के घर में घुसने के लिए ताला तोड़ने की कोशिश की। उस समय घर के सभी सदस्य महुआ बीनने के लिए बाहर गए हुए थे।

बताया गया कि युवक खिड़की तोड़कर घर में घुसा और एक छोटी बोरी में सरसों तथा 300 रुपये नकद लेकर निकल गया। जब वह बाइक तक पहुंचा और सामान लेकर वापस जाने लगा, तभी ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने उसे रोक लिया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने युवक के कपड़े फाड़ दिए, उसे अर्धनग्न कर दिया, सिर के आधे बाल काट दिए और पाइप के टुकड़े से बेरहमी से पीटा। मारपीट के बाद युवक ने चोरी की बात स्वीकार करने की बात भी कही।

घटना की सूचना मिलने पर युवक के पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी भी पिटाई कर दी। पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर शंकरगढ़ पुलिस ने तीन नामजद ग्रामीणों सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि चोरी की अलग से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, युवक पर पहले भी चोरी के कई आरोप लग चुके हैं।

शंकरगढ़ थाना प्रभारी जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। दूसरे पक्ष को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे थाने नहीं पहुंचे। मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top