दुर्ग/भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में पुलिस ने एक पॉश कॉलोनी में चल रहे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। नेहरू नगर क्षेत्र के विद्या विहार कॉलोनी में किराए के मकान में यह अवैध कारोबार पिछले करीब तीन महीनों से संचालित किया जा रहा था। पुलिस की रेड के दौरान कमरे से 8 युवतियां बरामद हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, स्मृति नगर चौकी पुलिस और महिला रक्षा टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात को इस रैकेट का खुलासा किया। पुलिस ने पहले एक प्वाइंटर को ग्राहक बनाकर भेजा, जिसके बाद पूरी योजना के साथ मकान पर छापा मारा गया।

सरगना महिला और एक ग्राहक गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि मकान नंबर 146/8 को धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35) ने किराए पर लिया था। इसी मकान में बाहर से लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। छापेमारी के दौरान एक ग्राहक को भी आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया।
पुलिस ने रैकेट संचालित करने वाली महिला धनवंती रावत और दुर्ग निवासी ग्राहक अमन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मौके से मिली युवतियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कोर्ट के निर्देशानुसार छोड़ दिया गया।
बंगाल और छत्तीसगढ़ के कई जिलों से लाई गई थीं लड़कियां
पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई युवतियों में ज्यादातर पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों की लड़कियां भी शामिल हैं। आरोप है कि संचालिका उन्हें ग्राहकों के पास दो से तीन दिनों के लिए भेजती थी।
अलग-अलग जगहों पर भी भेजी जाती थीं युवतियां
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी महिला बाहर से युवतियों को बुलाकर इस मकान में रखती थी। ग्राहक मिलने के बाद उन्हें अलग-अलग स्थानों पर भेजा जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
मौके से मोबाइल, बाइक और आपत्तिजनक सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक पल्सर बाइक, 12 मोबाइल फोन, 5,500 रुपए नकद और देह व्यापार से जुड़ी सामग्री जब्त की है। कमरे से हुक्का भी बरामद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध कारोबार करीब दो से तीन महीने से चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

