रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज में बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुई। घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सारसमार के रहने वाले ललकूराम उरांव (75) सुबह किसी काम से जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे रिजर्व फॉरेस्ट के कक्ष क्रमांक 149 के पास पहुंच गए। तभी अचानक उनका सामना एक हाथी से हो गया।

सूंड से उठाकर जमीन पर पटका
बताया जा रहा है कि हाथी ने बुजुर्ग को देखते ही उन पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले उन्हें दौड़ाया और फिर सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस हमले में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं।
हमले के दौरान ललकूराम की जोर-जोर से चीख-पुकार सुनकर हाथी कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गया, जिससे उनकी जान बच सकी।
ग्रामीणों ने पहुंचकर की मदद
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए पत्थलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया।
वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि भी दी गई है।
इलाके में 15 हाथियों के दो झुंड सक्रिय
वन विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से बाकारूमा रेंज के जंगलों में हाथियों की गतिविधि बढ़ गई है। पहले यहां 7 हाथियों का झुंड घूम रहा था, लेकिन मंगलवार रात पत्थलगांव क्षेत्र की ओर से 8 और हाथी इस इलाके में पहुंच गए।
इस तरह फिलहाल इलाके में करीब 15 हाथियों के दो अलग-अलग झुंड मौजूद हैं। आशंका जताई जा रही है कि झुंड से अलग हुआ कोई हाथी ही बुजुर्ग पर हमले के लिए जिम्मेदार है।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
बाकारूमा रेंजर विष्णु मरावी ने बताया कि हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सुबह और शाम के समय जंगल की ओर जाने से बचें और सावधानी बरतें।

