रायपुर के भाठागांव में अवैध प्लाटिंग पर निगम की कार्रवाई, बुलडोजर से तोड़ी गई सड़कें

रायपुर के भाठागांव इलाके में अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को तोड़ दिया।

नगर निगम के अनुसार जिस जगह पर कार्रवाई की गई है, वहां शंकरा विहार के नाम से अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इस मामले में भारत और कौशल नाम के लोगों का नाम सामने आया है।

5 एकड़ से ज्यादा जमीन पर अवैध प्लाटिंग

निगम अधिकारियों को शंकरा विहार में पांच एकड़ से अधिक जमीन पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के जमीन को काटकर प्लॉट बनाए जा रहे थे और वहां मुरुम की सड़कें भी तैयार कर दी गई थीं।

इसके बाद निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से इन सड़कों को तोड़ दिया। जिस जमीन पर यह कार्रवाई की गई है वह हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आती है।

इन खसरा नंबरों की जमीन पर हो रही थी प्लाटिंग

निगम के अनुसार खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 की जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। यहां बिना किसी अनुमति के सड़कें और अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे थे।

एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए तहसीलदार को पत्र लिखकर जमीन से जुड़ी अधिकृत जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद बिना अनुमति के प्लाटिंग और निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

जोन क्रमांक 6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि भाठागांव क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top