दिन में फ्लैग मार्च, रात में दोस्त की हत्या: जामुल में युवक की लोहे की रॉड से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

होली के मद्देनजर दिन में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च और सख्ती के बावजूद दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। घटना रावणभाठा संगम चौक के पास की है। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की पहचान हेमंत साहू उर्फ भूरु (19) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका दोस्त आशीष साहू (25) बताया गया है।

घर से बुलाकर ले गया, फिर किया हमला

हेमंत एक निजी कंपनी में कार्यरत था। सोमवार रात वह ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान आशीष उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। दोनों पहले भी साथ बैठकर शराब पीते थे। बताया जा रहा है कि एक मार्च को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे उस समय दोस्तों ने शांत करा दिया था। लेकिन आरोपी ने उसी बात को लेकर मन में रंजिश रखी हुई थी।

पार्टी के बाद पीछे से किया वार

रात करीब 11 बजे दोनों पार्टी से लौट रहे थे। मोहल्ले के पास पहुंचते ही आरोपी ने पीछे से बाइक के शॉकब (लोहे की रॉड) से हेमंत के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। कई वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। सिर से अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना स्थल के पास ही होलिका दहन की तैयारी चल रही थी, लेकिन हमला इतना अचानक हुआ कि लोग संभल नहीं सके। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में मृत घोषित

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया।

10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में शराब के दौरान हुए विवाद की बात सामने आई है। मृतक की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।

दिन में 900 जवान तैनात, फिर भी वारदात

होली को देखते हुए जिले में 900 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। 73 पेट्रोलिंग टीमें सक्रिय हैं और 25 स्थानों पर नाकाबंदी की गई है। दिन में फ्लैग मार्च भी निकाला गया था। इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Scroll to Top