बिजली कर्मचारियों को होली का तोहफा: 2700 अधिकारियों को 3 करोड़ तक का बीमा कवरेज, बैंक ऑफ बड़ौदा से हुआ समझौता

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने अपने कर्मचारियों को होली से पहले बड़ा लाभ दिया है। कंपनी ने बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ एक महत्वपूर्ण अनुबंध (एमओयू) किया है, जिसके तहत करीब 2700 अधिकारी और कर्मचारियों को उन्नत बैंकिंग सुविधाएं और उच्च बीमा कवरेज मिलेगा।

इस समझौते पर कंपनी के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार और बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि देवाकर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बैंक के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

कर्मचारियों के हित में विशेष पैकेज

जनरेशन कंपनी के मुख्यालय, हसदेव ताप विद्युत गृह, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह और अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत संयंत्र में कार्यरत कुल 2700 कर्मचारियों को इस समझौते का सीधा लाभ मिलेगा।

कंपनी प्रबंधन के अनुसार, यह पहल कर्मचारियों की मांग पर की गई है ताकि उन्हें एक ही बैंक में सैलरी पैकेज के साथ आधुनिक और किफायती सुविधाएं मिल सकें।

बीमा और लोन सुविधा

समझौते के तहत कर्मचारियों को 12 लाख रुपये तक का सामान्य बीमा कवर मिलेगा। इसके अतिरिक्त दुर्घटना या विमान दुर्घटना की स्थिति में 1 से 2 करोड़ रुपये तक का कवरेज प्रदान किया जाएगा। कुल मिलाकर कुछ स्थितियों में 3 करोड़ रुपये तक का सुरक्षा कवच उपलब्ध रहेगा।

इसके अलावा कर्मचारियों को कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी दी जाएगी, जिससे वे वित्तीय रूप से अधिक सुरक्षित रह सकें।

कंपनी प्रबंधन ने इसे कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Scroll to Top