रंगदारी केस में फरार हिस्ट्रीशीटर आमीर पिस्टल समेत गिरफ्तार, 24 से अधिक मामले दर्ज

रायपुर। राजधानी में रंगदारी के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर को उरला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

उरला पुलिस को सूचना मिली थी कि बीरगांव के दुर्गानगर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के पास एक संदिग्ध युवक हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की।

हुलिये के आधार पर जब संदिग्ध को पकड़ा गया तो उसकी पहचान थाना उरला के हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद आमीर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद हुए।

कई गंभीर मामलों में आरोपी

पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के मुताबिक, आमीर के खिलाफ माना, मौदहापारा, खमतराई और उरला थाना क्षेत्रों में मारपीट, बलवा, लूट और हत्या के प्रयास सहित 24 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है।

Scroll to Top