भिलाई में युवती से साइबर ठगी: बांग्लादेश के नंबर से मिली धमकी, एडिट फोटो वायरल करने की दी चेतावनी

भिलाई की एक युवती ऑनलाइन लोन ऐप के जाल में फंस गई और बांग्लादेश के नंबर से कॉल करने वाले ठगों का शिकार बन गई। युवती ने मोबाइल पर लोन के लिए आवेदन किया था, लेकिन ऐप इंस्टॉल करते समय उसने अपने फोन का पूरा एक्सेस दे दिया। इसके बाद ठगों ने उसकी तस्वीरों को एडिट कर आपत्तिजनक बनाते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

मामला दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, युवती ने सोशल मीडिया पर दिखे एक लोन ऐप का विज्ञापन देखकर उसे डाउनलोड किया। ऐप ने मोबाइल गैलरी, कॉन्टेक्ट और फाइल्स तक पहुंच मांगी, जिसे युवती ने अनुमति दे दी। इसके बाद उसने लोन के लिए जरूरी जानकारी और दस्तावेज अपलोड किए, लेकिन लोन की राशि नहीं मिली।

कुछ दिनों बाद उसे बांग्लादेश के नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आने लगी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लोन कंपनी का प्रतिनिधि बताया और किश्त भरने का दबाव डालने लगा। जब युवती ने कहा कि उसे कोई लोन नहीं मिला है, तो आरोपी ने उसकी फोटो को एडिट कर आपत्तिजनक बना दिया और वायरल करने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने 6 हजार रुपये ठगों को भेज दिए।

एक बार भुगतान करने के बाद ठग लगातार और पैसे मांगने लगे। तब युवती को ठगी का एहसास हुआ और उसने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर क्राइम सेल को सौंप दी है।

थाना प्रभारी रामेन्द्र कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जांच कर रही है।

साइबर एक्सपर्ट की सलाह:

  • किसी भी संदिग्ध लोन ऐप को डाउनलोड न करें।
  • मोबाइल एक्सेस और निजी जानकारी साझा करने से बचें।
  • ठगी या धमकी का सामना होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Scroll to Top