बिलासपुर: कांग्रेस नेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात – 14 राउंड गोलियां चलीं, बाल-बाल बचे नीतेश सिंह

बिलासपुर जिले के मस्तूरी में मंगलवार रात कांग्रेस नेता और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नीतेश सिंह पर नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां चला दीं। यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वीडियो में बाइक सवार दो शूटरों को करीब 14 राउंड फायरिंग करते देखा जा सकता है।

हमले के दौरान नीतेश सिंह के दफ्तर में बैठे दो लोग—पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और रिश्तेदार राजकुमार सिंह (राजू)—गंभीर रूप से घायल हो गए। जवाबी फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की, लेकिन अभी तक हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

एक हफ्ते पहले मिली थी चेतावनी

सूत्रों के मुताबिक, नीतेश सिंह को करीबियों ने एक हफ्ते पहले ही सतर्क किया था कि उन पर हमला हो सकता है, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। पुलिस को शक है कि वारदात राजनीतिक वर्चस्व या पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है।

संजू त्रिपाठी हत्याकांड जैसी साजिश

यह हमला तीन साल पहले हुए कांग्रेस नेता संजू त्रिपाठी हत्याकांड की याद दिलाता है। संजू की तरह ही नीतेश को भी निशाना बनाकर गोलियां दागी गईं। पुलिस इसे सुपारी किलिंग का मामला मानते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने अब तक छह संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। रूट पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, अफसरों का कहना है कि जल्द ही शूटरों और साजिशकर्ताओं तक पहुंच बना ली जाएगी।

Scroll to Top