भिलाई के मॉल में महिला से छेड़छाड़ के बाद हंगामा: पति-बेटे और पुलिसकर्मियों पर हमला, ट्रांसपोर्टर सहित 5 गिरफ्तार

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ मूवी थिएटर में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर ने महिला से छेड़छाड़ की, और विरोध करने पर उसके पति और बेटे की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सीट को लेकर हुआ विवाद, फिर छेड़छाड़

22 अक्टूबर की रात दुर्ग निवासी एक महिला अपने पति और बेटे के साथ भिलाई के मॉल में फिल्म देखने पहुंची थी। इसी दौरान कोहका निवासी ट्रांसपोर्टर सुजीत साव अपने रिश्तेदारों के साथ सिनेमा देखने आया था। सीट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर महिला और उसका परिवार थिएटर से बाहर निकल आया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस पहुंची तो बढ़ा विवाद

शिकायत के बाद स्मृति नगर चौकी की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। लेकिन आरोपी सुजीत साव ने बाहर निकलते ही महिला के बेटे से मारपीट शुरू कर दी। बताया जाता है कि उसने फोन कर अपने अन्य रिश्तेदारों को भी बुला लिया। देखते ही देखते 15 से 20 लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे।

पुलिसकर्मियों पर भी हमला

बीच-बचाव करने पहुंचे प्रधान आरक्षक पंकज चौबे को धक्का देकर गिरा दिया गया। पुलिस किसी तरह आरोपियों को पकड़कर चौकी लाई, लेकिन वहां भी दबंगई जारी रही। चौकी में ही आरक्षक कौशलेंद्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि मुंशी आत्माराम कोसले की उंगली टूट गई।

घटनास्थल और चौकी दोनों जगह हंगामा

मॉल के अंदर और बाहर करीब दो घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। पुलिस ने बाद में घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं —

  1. सुजीत साव (49 वर्ष)
  2. सुजीत कुमार (32 वर्ष)
  3. शिवपूजन कुमार (20 वर्ष)
  4. सागर साव (29 वर्ष)
  5. जिगर साव (28 वर्ष)

सभी आरोपियों पर छेड़छाड़, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना मॉल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गई है। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से सभी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

Scroll to Top