सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता बना जाल: कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म, 40 आपत्तिजनक फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल, गर्भपात कराने के बाद गिरफ्तारी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक कॉलेज छात्रा के साथ सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूरजपुर जिले के युवक ने पहले छात्रा से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसका 40 अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।

मामला सामने तब आया जब युवती प्रेग्नेंट हो गई। आरोपी ने गर्भपात कराने के बाद उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा। पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद दोनों ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी साजिद अहमद (25) को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?
सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि पीड़िता 19 साल की कॉलेज छात्रा है। आरोपी साजिद अहमद सूरजपुर के मानपुर जामा मस्जिद का रहने वाला है और सरकंडा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया पर हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और साजिद ने शादी का वादा कर नजदीकियां बढ़ाईं।

किराए के मकान में बनाया वीडियो
फरवरी 2025 में आरोपी ने युवती को घूमने के बहाने अपने किराए के घर बुलाया, जहां उसने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने छिपकर वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली।

इसके बाद आरोपी ने युवती की कई आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण पीड़िता बार-बार उसके साथ संबंध बनाने को मजबूर होती रही।

प्रेग्नेंसी और धमकियां
कुछ समय बाद युवती गर्भवती हो गई। जब उसने साजिद से शादी की बात की, तो उसने गर्भपात करा दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और अंततः परिवार को पूरी बात बताई।

10 अक्टूबर को थाने पहुंची शिकायत के बाद पुलिस ने रेप, ब्लैकमेलिंग और धमकी के आरोपों में FIR दर्ज कर 12 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Scroll to Top