
भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालातों के बीच, केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायुसेना द्वारा की गई कार्रवाई – ऑपरेशन सिंदूर – के बाद उत्पन्न स्थिति को देखते हुए गृह मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। साथ ही, सभी अर्धसैनिक बलों की छुट्टियाँ तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, जवानों को ड्यूटी पर तुरंत लौटने का आदेश दिया गया है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, मेट्रो स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। केंद्रीय एजेंसियों और राज्यों की पुलिस को चौकन्ना रहने और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके के आतंकी अड्डों पर किए गए हमलों के बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया है। गृह मंत्रालय ने यह कदम किसी भी संभावित खतरे या आतंकी जवाबी कार्रवाई को रोकने के उद्देश्य से उठाया है।
इस फैसले की व्यापक चर्चा सोशल मीडिया पर भी हो रही है, जहां कई यूजर्स ने इसे भारत की सख्त और निर्णायक सुरक्षा नीति का प्रतीक बताया है।
केंद्र सरकार ने स्थिति पर नजर रखने के लिए एक सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है, जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर बनी रहेंगी।
