रायपुर, बिरगांव 6 मई:
बिरगांव क्षेत्र में वर्षों से फुटपाथ पर व्यापार कर रहे छोटे दुकानदारों ने आज नगर निगम बिरगांव के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और निगम कार्यालय का घेराव किया। इन व्यापारियों का कहना है कि वे पिछले 8 से 18 सालों से बिजली विभाग के पास कपड़े, जूते-चप्पल आदि बेचकर अपना गुजर-बसर कर रहे हैं, लेकिन अब नगर निगम उन्हें हटाकर वहां फूड ज़ोन स्थापित करने की योजना बना रहा है।
प्रदर्शन के दौरान नाराज व्यापारियों ने “महापौर मुर्दाबाद”, “नगर निगम मुर्दाबाद”, और “छोटे व्यापारियों का हक मत छीनो” जैसे तीखे नारे लगाए। उन्होंने अपना सामान निगम कार्यालय के सामने रखकर यह सवाल खड़ा किया — “अब हम कहां जाएं और अपना माल कहां बेचें?”

व्यापारियों का आरोप है कि पिछले तीन महीनों से उन्हें दुकान लगाने से रोका जा रहा है, जिससे उनके परिवारों की आजीविका संकट में पड़ गई है। आज जब कुछ प्रतिनिधियों ने नगर निगम अधिकारियों से बात की, तो उन्हें एक और महीने का समय देने की बात कही गई — जिसे व्यापारियों ने खोखला आश्वासन बताया।

अब तक लगभग 15 दुकानों को हटा दिया गया है, और शेष दुकानदारों को भी डर सता रहा है कि वे भी जल्द उजाड़ दिए जाएंगे। लगातार दुकानें बंद रहने से इन छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

इस विरोध प्रदर्शन में बिरगांव के पार्षद खेमलाल साहू, वेदराम देवांगन और सामाजिक कार्यकर्ता डोमेश देवांगन भी शामिल हुए। उन्होंने व्यापारियों के हक में आवाज़ उठाई और नगर निगम से उचित समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि या तो उन्हें वहीं व्यापार की अनुमति दी जाए या फिर वैकल्पिक स्थान की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि वे अपनी रोज़ी-रोटी जारी रख सकें।

