छत्तीसगढ़: पहलगाम आतंकी हमले के बाद दुर्ग पुलिस अलर्ट, मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में छापामारी, फरार वारंटी गिरफ्तार

दुर्ग, 27 अप्रैल 2025:
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में दुर्ग पुलिस ने रविवार तड़के जिले के विभिन्न मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई में फरार चार वारंटियों को हिरासत में लिया गया है।

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं, जिनका नेतृत्व एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर, अभिषेक झा और पद्मश्री तंवर कर रहे थे। सभी टीमों ने रविवार सुबह 4 बजे से छापेमारी शुरू की।

एएसपी अभिषेक झा के नेतृत्व में मोहन नगर थाना क्षेत्र के उरला स्थित बॉम्बे आवास में छापा मारा गया, वहीं एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने भिलाई तीन थाना क्षेत्र के हथखोज इलाके में और एएसपी पद्मश्री तंवर ने सुपेला थाना क्षेत्र में सुपेला मस्जिद के पीछे के इलाके में कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने हर घर की गहन तलाशी ली, निवास से संबंधित दस्तावेजों की जांच की और स्थानीय निवासियों के फिंगर प्रिंट लिए। इन फिंगर प्रिंट्स को पुलिस के आपराधिक रिकॉर्ड डेटाबेस से मिलान किया जाएगा। बॉम्बे आवास क्षेत्र से फरार चल रहे चार वारंटियों को हिरासत में लिया गया है।

एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई रविवार तड़के 4:30 बजे शुरू हुई थी। पुलिस की इस सघन कार्रवाई का मकसद संभावित संदिग्धों की पहचान कर राज्य में किसी भी आपराधिक या आतंकी गतिविधि को रोकना है।

छत्तीसगढ़ सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद राज्य भर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नागरिकों की भी तलाश की जा रही है।

Scroll to Top