रायपुर। बिरगांव के नागेश्वर नगर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। यहां एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी माँ की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी और अपनी पत्नी को भी बेरहमी से घायल कर दिया।
घटना 18 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि युवक ऑटो चलाता था और उसने घर पर पालतू कुत्ते खरीदने के लिए पैसे की मांग की थी। इस बात को लेकर घरवालों से कहासुनी हो गई। युवक नशे की हालत में था, और विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर अपनी मां पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद युवक ने अपनी पत्नी पर भी हमला किया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उरकुरा के सिद्घि विनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। पूरे मामले की जांच उरला पुलिस कर रही है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद डर और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

