बिरगांव में ‘सतनामी मोहल्ला’ के नाम को बोर्ड से मिटाया गया, समुदाय में आक्रोश

बिरगांव के वार्ड क्रमांक 20 में बिरगांव नगर निगम द्वारा लगाए गए पते-प्रतिनिधि बोर्ड पर असामाजिक तत्वों द्वारा ‘सतनामी मोहल्ला’ का नाम बार-बार मिटाया जा रहा है।

बिरगांव के सतनामी मोहल्ले में एक बार फिर असामाजिक तत्वों द्वारा शरारतपूर्ण हरकत को अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के मुख्य पते के बोर्ड से ‘सतनामी मोहल्ला’ का नाम बार-बार मिटाया जा रहा है, जिससे स्थानीय सतनामी समाज में गहरा आक्रोश फैल गया है।

इस घटना को लेकर सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने उरला थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है। थाने में शिकायत दर्ज करने के पश्चात थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हरकत केवल एक समुदाय विशेष की भावना को आहत करने के उद्देश्य से की जा रही है। वे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

गौरतलब है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में भी इसी तरह की घटना के बाद बड़ा आंदोलन हुआ था, जिसमें हिंसा भी भड़क उठी थी। ऐसे में प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वह समय रहते कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखेगा।

– संवाददाता – Richa Goswami

Scroll to Top