
रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी विनय कोसले को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित वीरेंद्र विश्वकर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 7 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्त कृष्णा भारती के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी रावांभाठा स्थित खेल मैदान के पास आरोपी ने उनका रास्ता रोककर अश्लील गालियां दीं और चाकू से हमला कर दिया। कृष्णा के बीच-बचाव करने पर उसे भी चोट पहुंचाई गई।
पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हमले और चाकू से चोट पहुंचाने की बात स्वीकार की। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
यह घटना शहर में बढ़ती हुई अपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता पैदा करती है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
