
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे कई राज्यों में अगले कुछ दिनों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40°C से 42°C तक पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली में बढ़ता पारा
- 5-6 अप्रैल: अधिकतम तापमान 38°C से 41°C और न्यूनतम 18°C से 21°C के बीच रहने का अनुमान।
- 7-8 अप्रैल: सबसे अधिक गर्मी, अधिकतम 40°C से 42°C और न्यूनतम 20°C से 23°C तक पहुंच सकता है।
- 9-10 अप्रैल: हल्की राहत, लेकिन तापमान 39°C से 41°C के बीच बना रहेगा।
शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.4°C (सामान्य से 4.4°C अधिक) दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम 18.8°C रहा। कुछ इलाकों में तेज हवाओं और स्थानीय स्तर पर लू चलने की संभावना है।

अन्य राज्यों के लिए चेतावनी
- 5-9 अप्रैल: सौराष्ट्र, कच्छ, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश।
- 6-10 अप्रैल: पंजाब, गुजरात, पूर्वी व पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश।
- गर्म और उमस भरा मौसम: गुजरात (5-10 अप्रैल) और कोंकण व गोवा (5-9 अप्रैल)।
लंबी अवधि का पूर्वानुमान: और बढ़ेगी गर्मी
IMD के अनुसार, अप्रैल से जून तक देशभर में सामान्य से अधिक तापमान रहेगा। मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत में सामान्य से अधिक लू के दिन देखने को मिल सकते हैं। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना जैसे राज्यों में 10-11 दिन तक भीषण लू चल सकती है, जबकि सामान्यतः इन क्षेत्रों में 4-7 दिन ही लू पड़ती है।
नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे खूब पानी पिएं, धूप में निकलने से बचें और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
