। चार से पांच नकाबपोश हमलावरों ने इंदर ढाबा में बैठे 40 वर्षीय अवतार मरकाम पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी

​दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक चौंकाने वाली घटना घटी। चार से पांच नकाबपोश हमलावरों ने इंदर ढाबा में बैठे 40 वर्षीय अवतार मरकाम पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। अवतार, जो मोहन नगर थाने का निगरानी बदमाश और हिस्ट्रीशीटर था, अपने दोस्तों के साथ ढाबे में मौजूद था। हमलावरआकर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे अवतार की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, अवतार के दोस्त सोना मजुमदार ने उसे फोन कर इंदर ढाबा बुलाया था, जहां वे सभी पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान नकाबपोश हमलावर पहुंचे और हमला कर फरार हो गए। अवतार के सिर, कान और सीने पर गंभीर चोटें आईं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अवतार के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज थे। पुलिस अब हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के फरार होने के कारण इलाके में तनाव का माहौल है। ​

इस घटना से स्थानीय समुदाय में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

Scroll to Top