रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 नग नाईट्रोसन-10 टैबलेट बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आजाद चौक क्षेत्र में सताक्षी मंदिर के सामने स्थित एक खाली प्लॉट के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में घूम रहा है।

सूचना मिलने के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम धनेश संगतानी बताया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके कब्जे से नाईट्रोसन-10 की 100 प्रतिबंधित टेबलेट बरामद कीं। पुलिस द्वारा टेबलेट रखने और उनकी बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने टीम को गुमराह करने का प्रयास भी किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बरामद 100 नाईट्रोसन-10 टैबलेट, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये है, जब्त की गई।
मामले में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 224/26 के तहत धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेश संगतानी, पिता बसंत संगतानी, उम्र 22 वर्ष, निवासी सारथी चौक, थाना आजाद चौक, जिला रायपुर के रूप में हुई है।

