छत्तीसगढ़ NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय पर एक युवक ने 29 लाख रुपए से अधिक की कथित ठगी का आरोप लगाया है। पुरानी बस्ती निवासी राजू सोनकर ने पुलिस और प्रशासन को दी शिकायत में दावा किया है कि अलग-अलग काम और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार पैसे लिए गए, लेकिन बताए गए काम पूरे नहीं हुए।

शिकायत के मुताबिक, रकम सिप्ला कंपनी की एजेंसी या डीलरशिप, DKS अस्पताल में नौकरी, कैंटीन का ठेका, मंत्रालय में नौकरी और रेत खदान से जुड़े काम दिलाने के नाम पर लिए जाने का आरोप है। राजू सोनकर ने अपने आवेदन में अलग-अलग भुगतान और बैंक ट्रांजेक्शन का भी उल्लेख किया है।
पीड़ित ने नीरज पांडेय के अलावा उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय के नाम भी शिकायत में शामिल किए हैं। राजू का आरोप है कि पैसे देने के बाद जब बताए गए काम नहीं हुए तो उसने रकम वापस मांगी, लेकिन पैसे वापस नहीं किए गए।


डिप्टी CM और पुलिस कमिश्नर से शिकायत
राजू सोनकर ने मामले की शिकायत थाने के साथ रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और डिप्टी सीएम विजय शर्मा से भी की है। शिकायतकर्ता ने कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
नीरज पांडेय ने आरोपों को बताया गलत
NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। वहीं कुरुद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मामले को लेकर कांग्रेस और NSUI पर राजनीतिक टिप्पणी की है।
फिलहाल यह मामला शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। पुलिस की जांच, दस्तावेजों और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

