रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से लंबे समय तक दुष्कर्म और नवजात को बेचने के आरोप का गंभीर मामला सामने आया है। 16 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता पर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पिता, बुआ समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि साल 2023 में अमलीडीह इलाके में एक रिश्तेदार के घर उसके पिता ने कथित तौर पर उसे जबरन शराब पिलाई, मारपीट की और दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, इसके बाद भी उसका शोषण जारी रहा और वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि जब उसने इसकी जानकारी अपनी बुआ को दी तो बुआ ने भी पिता का साथ दिया और मारपीट करने के बाद उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाई।
दूसरी बार गर्भवती होने पर फर्जी दस्तावेज का आरोप
पुलिस के अनुसार, साल 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई। इसके बाद उसे डॉक्टर वर्षा मंडल और उसकी परिचित गीता राय के पास ले जाया गया।
आरोप है कि उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया गया और उसे बालिग दिखाया गया। इसके बाद उसे शादीशुदा बताकर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में बच्चे का जन्म, बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल में पीड़िता ने एक बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरोपियों पर नवजात को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप लगा है। पुलिस अब नवजात से जुड़े पूरे मामले और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता, बुआ और अन्य आरोपियों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राय, साहेब मंडल, योगिता राय उर्फ गीता, बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल समेत कुल छह आरोपी शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

