विश्व आदिवासी दिवस पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा, 15 जिलों में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस

विश्व आदिवासी दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा और राज्य सरकार पर आदिवासी समाज की उपेक्षा और विश्व आदिवासी दिवस का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस आज यानी 11 अगस्त को प्रदेश के 15 जिलों में एक साथ जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इन पत्रकारवार्ताओं में कांग्रेस नेता आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर निशाना साधेंगे।

कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने सभी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, बस्तर, बीजापुर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा समेत 15 जिलों में अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

कांग्रेस का आरोप है कि 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर भाजपा और सरकार की ओर से आदिवासी समाज को बधाई तक नहीं दी गई। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब जिला स्तर पर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने की तैयारी में है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी भाजपा पर आदिवासी संस्कृति और पहचान को कमजोर करने का आरोप लगा चुके हैं। कांग्रेस ने संबंधित जिला अध्यक्षों को प्रेस कॉन्फ्रेंस की रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने के निर्देश दिए हैं।

Scroll to Top