छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित APL थर्मल पावर प्लांट में गुरुवार को बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया। प्लांट के बॉयलर एरिया में काम के दौरान अचानक एक क्रेन गिर गई। हादसे में एक कर्मचारी घायल हो गया, जिसे तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल कर्मचारी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 6 अगस्त की सुबह करीब 11:42 बजे APL रायपुर के बॉयलर क्षेत्र में हुई। क्रेन गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ERT) और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे।
रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल कर्मचारी को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा। वहीं, बाकी कर्मचारियों को सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकाल लिया गया।
सुरक्षा के लिए क्षेत्र को किया गया सील
हादसे के बाद बड़ी संख्या में श्रमिक घटनास्थल पर पहुंच गए थे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दुर्घटनास्थल को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया और वहां आवाजाही रोक दी गई।
क्रेन गिरने से हुए तकनीकी नुकसान और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रही है।
हादसे की वजह की जांच जारी
APL प्रबंधन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि क्रेन गिरने की असली वजह क्या थी। फिलहाल प्लांट में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।